दरभंगा , जुलाई 30 -- बिहार के प्रतिष्ठित चंद्रधारी मिथिला महाविद्यालय, दरभंगा के प्रधानाचार्य एवं शिक्षाविद् प्रो. मुश्ताक अहमद ने कहा कि व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों की सोच केवल नौकरी प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उन्हें बदलती वैश्विक अर्थव्यवस्था और बाजार की मांग के अनुरूप स्वयं को इस प्रकार तैयार करना चाहिए कि वे भविष्य में रोजगार के अवसर सृजित करने वाले उद्यमी भी बन सकें।कॉलेज में बीबीए एवं बीसीए प्रथम वर्ष के छात्रों के प्रेरण (ओरिएंटेशन) सत्र को संबोधित करते हुए प्रो. अहमद ने कहा कि भारत जैसे विशाल जनसंख्या वाले देश में सभी शिक्षित युवाओं को सरकारी रोजगार उपलब्ध कराना संभव नहीं है। वैश्वीकरण के बाद निजी क्षेत्र के विस्तार और बहुराष्ट्रीय कंपनियों की बढ़ती उपस्थिति ने युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए हैं। ऐसे में व्यावसायिक शिक्षा के साथ छात्रों में व्यावहारिक कौशल, नवाचार और उद्यमशीलता की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप केंद्र और राज्य सरकारें उच्च शिक्षण संस्थानों में व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा दे रही हैं, जिससे युवाओं की प्रतिभा को निखारकर उन्हें उद्योग एवं बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जा सके। उन्होंने कहा कि सीएम कॉलेज पिछले दो दशकों से बीबीए एवं बीसीए पाठ्यक्रमों का सफल संचालन कर रहा है तथा यहां के पूर्व छात्र देश-विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों और कंपनियों में अपनी पहचान बना चुके हैं।

बीबीए समन्वयक डॉ. ललित शर्मा एवं बीसीए समन्वयक डॉ. अनुपम कुमार सिंह ने दोनों पाठ्यक्रमों की पाठ्यक्रमों की वर्तमान प्रासंगिकता, रोजगार की संभावनाओं और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

डॉ. दिव्या शर्मा ने बदलते वैश्विक परिदृश्य में व्यावसायिक शिक्षा के महत्व तथा विद्यार्थियों के समक्ष आने वाली चुनौतियों पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में वाणिज्य संकाय सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक उपस्थित थे। इस अवसर पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों का परिचय कराया गया तथा उन्हें पाठ्यक्रम, शैक्षणिक गतिविधियों और संस्थान की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।

उल्लेखनीय है कि सीएम कॉलेज, दरभंगा में इन दिनों विभिन्न स्नातक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए प्रेरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित