नयी दिल्ली , जून 23 -- भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर आगे की बातचीत के लिए आये अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीयर के नेतृत्व में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राजधानी में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ बैठकें की।

वित्त मंत्रालय ने कहा, ''वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज नई दिल्ली में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि श्री जेमीसन ग्रीयर के नेतृत्व वाले एक प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा की। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया, जिसमें वृद्धि के नए अवसरों की खोज और वाणिज्यिक सहभागिता को और गहरा करने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।"वाणिज्य मंत्री श्री गोयल ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि के साथ अपने कार्यालय में बातचीत की। इस बातचीत में भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी शामिल थे। श्री गोयल ने अमेरिकी राजनयिकों के साथ अपनी मुलाकात के बारे में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ''अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि श्री ग्रीयर, भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर तथा उनके प्रतिनिधिमंडल का वाणिज्य विभाग में हार्दिक स्वागत है। भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सार्थक एवं परिणामोन्मुखी चर्चाओं की आशा है।"अमेरिकी राजदूत श्री गोर ने सोशल मीडिया पर कहा, '' आज नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि राजदूत जेमीसन ग्रीयर के साथ होना खुशी की बात है।अमेरिका और भारत के बीच व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए चल रही चर्चाएँ जारी हैं।"भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से पहले दोनों पक्षों ने इस साल सात फरवरी को एक अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सहमति की घोषणा की थी। भारत के खिलाफ अमेरिका की ओर से भारी दंडात्मक शुल्क की कार्रवाई के बीच हुए इस समझौते को अभी अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है। इस बीच अमेरिका के संघीय उच्चतम न्यायालय ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकारी आदेश से पिछले साल भारत सहित विभिन्न देशों पर लगाये गये शुल्कों को उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर बता कर उन्हें निरस्त कर दिया है। इससे उत्पन्न बदली व्यापारिक शुल्क की परिस्थितियों दोनों देश फरवरी के समझौते को अंतिम रूप देने में लगे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित