नयी दिल्ली , फरवरी 20 -- कांग्रेस आलाकमान ने भारत अमेरिका व्यापार समझौते पर चर्चा करने के उद्देश्य से शुक्रवार को यहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की जिसमें इस समझौते के विरोध की रणनीति बनाने को लेकर चर्चा की गयी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास 10 राजाजी मार्ग पर हुई इस बैठक में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ ही पार्टी महासचिव, राज्यों के प्रभारियों, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों और कांग्रेस विधायक दल के नेताओं ने हिस्सा लिया।

बैठक के बाद पार्टी के संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने बताया कि श्री खरगे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में श्री गांधी के अलावा छह राज्यों जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के प्रदेश के अध्यक्ष तथा विधायक दल के नेता शामिल हुए। इसमें हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मौजूद थे।

उन्होंने बताया कि बैठक में खासतौर पर अमेरिका और भारत के बीच में व्यापार समझौते को लेकर चर्चा हुई। उनका कहना था कि भारत इस समझौते के लिए मजबूर हुआ है यह व्यापार समझौता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सरेंडर' के कारण हुआ है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि इस मुद्दे पर 24 फरवरी को पहली बैठक किसान सम्मेलन के रूप में भोपाल में होगी और इसमें श्री खरगे तथा श्री गांधी शामिल होंगे। इस बारे में दूसरी बैठक सात मार्च को महाराष्ट्र के यवतमाल में होगी जबकि तीसरा सम्मेलन श्रीगंगानगर में होगा। यह सम्मेलन मार्च होना है लेकिन इसकी अभी तारीख तय नहीं की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित