पटना , जुलाई 19 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी ने रविवार को दावा किया किव्यापारी समाज और बाँकीपुर की जनता राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)के साथ मजबूती से खड़ी है तथा आगामीबाँकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राजग प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे।

श्री सरावगी ने आज यहां बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर आयोजित व्यवसायिक वर्ग एवं सम्मानित नागरिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि बांकीपुर हमेशा विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति का केंद्र रहा है। इस बार भी यहां की जनता राजग समर्थित प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाकर विकास की इस यात्रा को और मजबूत करेगी।

श्री सरावगी ने कहा कि व्यवसायिक वर्ग हमेशा स्थिर, पारदर्शी और विकासोन्मुखी सरकार का समर्थक रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और बिहार में व्यापार, निवेश और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। यही कारण है कि समाज का प्रत्येक वर्ग राजग के साथ मजबूती से खड़ा है।

‎श्री सरावगी ने उपस्थित व्यवसायियों एवं सम्मानित नागरिकों से आह्वान किया कि आगामी 30 जुलाई को कमल के निशान पर मतदान कर राजग प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को प्रचंड मतों एवं ऐतिहासिक बढ़त के साथ विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल एक विधानसभा सीट का नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और बिहार के उज्ज्वल भविष्य को और मजबूत करने का चुनाव है।

‎श्री सरावगी ने कहा कि राजग के सभी घटक दल पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में हैं। भाजपा, जनता दल यूनाइटेड, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कार्यकर्ता बूथ स्तर तक समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। यह एकजुटता विपक्ष के दुष्प्रचार पर भारी पड़ेगी और बांकीपुर में राजग की रिकॉर्ड जीत सुनिश्चित करेगी।

‎कार्यक्रम में जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, सत्ता पक्ष के मुख्य सचेतक सह विधायक राणा रणधीर सिंह, विधायक अरुण मांझी, वरिष्ठ समाजसेवी कमल नोपानी तथा बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष राकेश बंसल सहित बड़ी संख्या में व्यवसायिक वर्ग एवं सम्मानित नागरिक उपस्थित थे।

‎श्री सरावगी ने विश्वास व्यक्त किया कि बांकीपुर की जागरूक जनता एक बार फिर विकास, विश्वास और सुशासन के पक्ष में अपना जनादेश देकर राजग प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को ऐतिहासिक विजय दिलाएगी तथा विपक्ष की नकारात्मक राजनीति को लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित