कानपुर , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में शुक्रवार को आयोजित जिला उद्योग बंधु एवं जिला व्यापार बंधु की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने विभागवार व्यापारियों की समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडलों से प्राप्त सभी समस्याओं का संबंधित विभाग आपसी समन्वय से शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। व्यापार बंधु की बैठकों में उठाए गए मामलों की नियमित समीक्षा की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि व्यापारिक क्षेत्रों से संबंधित सड़क, बिजली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी और अन्य आधारभूत सुविधाओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। यदि किसी समस्या के समाधान में बाधा आती है तो बैठक की प्रतीक्षा किए बिना तत्काल अवगत कराया जाए।
बैठक में व्यापारियों ने शास्त्री नगर गुमटी नंबर-5 बाजार में पिंक टॉयलेट की आवश्यकता का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने नगर निगम अधिकारियों को उसी दिन स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।
व्यापारियों ने मकड़ीखेड़ा और पत्रकारपुरम क्षेत्र में खुले नाले तथा कानपुर-शुक्लागंज पुल के साथ सर्विस रोड निर्माण की मांग भी रखी। इस पर लोक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण तथा नगर निगम को नाले की समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान सिंचाई विभाग की भूमि पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी पहले भी संबंधित अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इस पर सहायक अभियंता सिंचाई विभाग विनोद कुमार के विरुद्ध लापरवाही के लिए कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही बिना पूर्व अनुमति बैठक से अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश भी दिए।
व्यापारियों ने बाजार क्षेत्रों में बड़े हो चुके पेड़ों की छंटाई न होने की शिकायत भी की। जबकि नगर निगम के जोन-1 के अधिशासी अभियंता द्वारा छंटाई किए जाने की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई थी। व्यापारियों द्वारा मौके पर कार्य न होने की जानकारी देने पर जिलाधिकारी ने गलत आख्या प्रस्तुत करने पर संबंधित अधिशासी अभियंता के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा मौके पर जांच कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।
बैठक में कृषि उत्पादों पर लागू वाहन टैगिंग व्यवस्था को वापस लेने तथा दो माह की परीक्षण अवधि में किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई या जुर्माना न लगाने की मांग भी उठाई गई। व्यापारियों ने गेट पास की समय-सीमा पर पुनर्विचार का भी सुझाव दिया। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन से प्राप्त निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
व्यापारियों ने किदवई नगर मार्बल मार्केट से के-ब्लॉक किदवई नगर तथा यशोदा नगर से हमीरपुर रोड तक प्रस्तावित सीएम ग्रिड की दोनों सड़कों का निर्माण प्राथमिकता से कराने का अनुरोध किया, जिस पर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में वर्ष 2023 में केस्को के बिजली तारों के कारण कोपरगंज रेडीमेड एवं होजरी बाजार स्थित अर्जन कॉम्प्लेक्स में हुई अग्निकांड की घटना का उल्लेख करते हुए बाहर निकले बिजली के तारों को भूमिगत कराने की मांग भी उठाई गई। जिलाधिकारी ने केस्को अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नगर निगम को निर्देशित किया कि व्यापारियों से जुड़े निर्माण कार्यों के सभी लंबित एवं प्रस्तावित मामलों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि उनकी समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर) आलोक गुप्ता, पुलिस उपायुक्त (यातायात) रविन्द्र कुमार, विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित