हल्द्वानी , अक्टूबर 09 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हल्द्वानी में उत्तराखंड प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन का दीप जलाकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और रोजगार सृजन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने में अहम भूमिका निभाता है। कोविड-19 जैसी चुनौती में भी व्यापारियों ने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित की। सरकार उनकी सुरक्षा, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार व्यापारियों को केवल करदाता नहीं, बल्कि विकास का भागीदार मानती है। उद्देश्य है कि उन्हें भयमुक्त, सुरक्षित और पारदर्शी माहौल मिले और अनावश्यक प्रक्रियाओं व कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े।

सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत किया गया है, जिसके तहत 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। निवेशकों की समस्याओं के समाधान के लिए 'निवेश मित्र' व्यवस्था, उत्तराखंड स्टार्टअप नीति और 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड का भी उन्होंने उल्लेख किया।

उन्होंने बताया कि औद्योगिक विकास को केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रखा जा रहा। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों के लिए विशेष औद्योगिक पार्क हेतु भूमि चिह्नित की गई है, ताकि युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने व्यापारियों की हित में कई घोषणाएं भी की जिनमें प्राकृतिक या अन्य आपदा से पीड़ित व्यापारियों को उचित राहत दिलाने, राज्य और जिला स्तर पर उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन कर नियमित बैठक कराने, जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा की जानकारी का व्यापक प्रचार करने, पर्यटन व्यवसाय के लिए पंजीकरण प्रक्रिया सरल करने और सिंगल विंडो व्यवस्था लागू करने जैसे महत्वपूर्ण बात शामिल हैं।

श्री धामी ने कहा कि पर्यटन बहुल क्षेत्रों और जिला मुख्यालयों में होम स्टे सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। चारधाम यात्रा मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर पार्किंग विकसित की जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों और अन्य प्रमुख मार्गों से जुड़े बाजारों में सड़क व नालियों के निर्माण और मरम्मत को प्राथमिकता दी जाएगी। श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित