श्रीगंगानगर , फरवरी 20 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सीमावर्ती अनूपगढ़ शहर में एक व्यापारी को 50 लाख की रंगदारी की धमकी दिए जाने के मामले में पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता ने शुक्रवार को बताया कि महकदीप सिंह (22), उसके भाई अमरीकसिंह (26) और जगदीप सिंह उर्फ प्रदीप सिंह (24) को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि अनूपगढ़ के एक व्यापारी द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर रंगदारी मांगने के आरोप में 17 फरवरी को अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। व्यापारी ने बताया कि 12 फरवरी को उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल कर धमकी देते हुए अज्ञात व्यक्ति ने 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी।
डाॅ अमृता ने बताया कि मामला दर्ज होते ही अनूपगढ़ थाना प्रभारी ईश्वरप्रसाद ने पुलिस बल के साथ उक्त तीनों बदमाशों को आज गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि महकदीप पर हत्या और हत्या के प्रयास सहित संगीन धाराओं में पांच मामले दर्ज हैं। अमरीकसिंह के खिलाफ भी घडसाना थाना में एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस तीसरे पकड़े गए बदमाश जगदीप के आपराधिक इतिहास को भी टटोल रही है। इन बदमाशों का संबंध किसी बड़े कुख्यात सरगना से होने की आशंका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित