ऋषिकेश , जुलाई, 21 -- नगर निगम ऋषिकेश द्वारा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के किराए में कथित अनियमित वृद्धि का मामला मंगलवार को उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा के समक्ष प्रमुखता से उठा। ऋषिकेश में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने बढ़े हुए किराए को लेकर अपना विरोध दर्ज कराते हुए इसे व्यावहारिक एवं न्यायसंगत बनाए जाने की मांग की।
व्यापारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि नगर निगम की ओर से किराए में की गई वृद्धि से स्थानीय कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने मांग की कि किराया निर्धारण पारदर्शी, तर्कसंगत और व्यापारियों की आर्थिक क्षमता के अनुरूप किया जाए।
शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने व्यापारियों की बात गंभीरता से सुनते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में किराया निर्धारण मनमाने ढंग से नहीं होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विषय पर संबंधित अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि नगर निगम केवल नियमानुसार एवं न्यायोचित किराया ही वसूले। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित