मुरैना , जुलाई 05 -- मध्यप्रदेश में मुरैना शहर के व्यस्त पड़ाव बजरिया क्षेत्र से दिनदहाड़े एक मोटरसाइकिल चोरी हो गई। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जौरी निवासी दिनेश कुशवाह शुक्रवार अपराह्न करीब साढ़े चार बजे पड़ाव बजरिया स्थित एक साड़ी की दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल दुकान के बाहर खड़ी की और साड़ी बदलने के लिए दुकान के भीतर चले गए। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल चोरी कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार चोरी की पूरी वारदात क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित