सोनीपत , अगस्त 30 -- हरियाणा के सोनीपत मे रविवार तड़के शहर के सबसे व्यस्त बाजारों में से एक में भीषण आग लगने से छह दुकानें जलकर खाक हो गईं। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। राहत की बात रही कि घटना के समय बाजार बंद था और दुकानों में कोई मौजूद नहीं था।
स्थानीय लोगों ने आग की लपटें देखकर दुकानदारों को सूचना दी। इसके बाद महापौर राजीव जैन मौके पर पहुंचे और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी गई। चार दमकल गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग बाजार के पिछले हिस्से में स्थित शानू हैंडलूम के पास बिजली मीटरों के नजदीक से शुरू होने की आशंका है। देखते ही देखते आग दुकानों की कतार में फैल गई। शानू हैंडलूम के अलावा फिरोज और अब्दुल्ला हैंडलूम, पूनम अमरदीप लेडीज सूट्स, हर्षा कॉस्मेटिक्स, नदी मिस्त्री मशीनरी और एमएस गारमेंट्स भी आग की चपेट में आ गए। एक दुकानदार समय रहते अपना सामान निकालने में सफल रहा।
दुकानदार शानू ने बताया कि दुकान में करीब चार से पांच लाख रुपये के कपड़े रखे थे, जो आग में जलकर नष्ट हो गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित