बक्सर , मई 24 -- बिहार के बक्सर व्यवहार न्यायालय में नवनियुक्त लिपिकों के लिए आयोजित दो दिवसीय रविवासरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम रविवार को संपन्न हो गया।
स्थानीय जिला विधिक सेवा प्राधिकार बक्सर के विधिक सेवा सदन में आयोजित समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नोडल अधिकारी सह न्यायिक दंडाधिकारी चंदन कुमार ने कहा कि न्यायालयीय प्रक्रिया में नवनियुक्त लिपिकों का कुशल प्रशिक्षण आवश्यक है, जिससे वे तकनीकी और न्यायिक प्रक्रियाओं से भलीभांति परिचित रह सकें।उन्होंने कहा कि कुशल, प्रशिक्षित और अनुशासित न्यायिक कर्मचारी न्याय प्रशासन के अभिन्न अंग होते हैं तथा उनकी दक्षता और सहभागिता से न्यायालयीय अभिलेखों का सुचारु निष्पादन संभव हो पाता है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए वरिष्ठ सेवानिवृत्त कर्मचारी अजय कुमार सिंह ने कहा कि कर्मचारियों को न्यायिक अभिलेखों को सुरक्षित एवं निष्पादन तक अक्षुण्ण बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि न्यायालय में अभिलेख ही न्याय प्रक्रिया के पवित्र दस्तावेज होते हैं और इनके बिना न्याय की कल्पना नहीं की जा सकती।
न्यायालय के नाजिर संतोष कुमार द्विवेदी ने नवनियुक्त लिपिकों को न्यायिक अभिलेखों को नकल शाखा में भेजने की प्रक्रिया, उसकी बारीकियों एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
प्रभारी प्रशासन न्यायालय राजीव कुमार श्रीवास्तव ने न्यायिक प्रक्रिया में लिपिकों के दायित्वों और अनुशासन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। वहीं सिरेस्तदार रजनीकांत मिश्र ने न्यायालयीय कार्यों में कर्मचारियों की सहभागिता तथा न्यायिक अभिलेखों की महत्ता से अवगत कराया।
वरिष्ठ कर्मचारी कौशलेंद्र कुमार ओझा ने कर्मचारियों को न्यायिक शुचिता, गंभीर अनुशासन और उच्च स्तर की न्यायिक संवेदनशीलता के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि न्यायालय एक मंदिर के समान है और यहां पवित्र भावना एवं निष्ठा के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने पत्राचार, न्यायिक प्रक्रिया, अभिलेख संधारण और न्यायालयीय कार्यप्रणाली के विभिन्न पहलुओं की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर सिस्टम ऑफिसर विजय कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया, जबकि सिस्टम असिस्टेंट सद्दाम ने प्रोजेक्टर के माध्यम से न्यायिक तकनीक की जानकारी दी।प्रशिक्षण कार्यक्रम में सुनील कुमार, मनोज कुमार रवानी, दिनेश कुमार पाण्डेय तथा पारा विधिक सेवक हरेराम प्रसाद सहित अन्य कर्मियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में नवनियुक्त लिपिक अविनाश कौशल रंजन, शशि भूषण, अभिषेक रंजन, दिलीप कुमार, रणवीर कुमार, गौरव कुमार, चंदन कुमार, रचिता कुमारी, सोनिका मुक्ता, वंदना कुमारी, पूजा कुमारी, सोनल कुमारी, साक्षी कुमारी और नेहा सहित अन्य उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित