गोरखपुर , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेई ने शुक्रवार को गोरखपुर में कहा कि पार्टी व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण और संगठन निर्माण से राष्ट्र का निर्माण करने का काम करती है भाजपा एकमात्र ऐसा संगठन है जहाँ कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाता है।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान को लेकर भाजपा गोरखपुर क्षेत्र द्वारा एक प्रशिक्षण कार्यशाला कुसमी बाजार स्थित नवल्स पीजी कालेज में आयोजित की गयी। कार्यशाला कुल सात सत्रों में संपन्न हुई।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि श्री वाजपेई ने संगठन पर्व का जिक्र करते हुए कहा कि संगठन पर्व में कार्यकर्ता तैयार होता है उसे दायित्व मिलता है और उस दायित्व को निभाने का कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से उस कार्यकर्ताओं को मिलती है ।उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं के चेतना का विकास होता है प्रशिक्षित युवा कुछ न कुछ सीख कर जाता है ।उन्होंने कहा कि मण्डल स्तर पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना जरूरी है तभी हम विपक्षियों के द्वारा फैलाए गए भ्रम व नरेटिव का जवाब दे सकते हैं ।

उन्होंने कहा कि सरकार योजनाएं बनाती हैं और उसे योजनाओं को आम जनमानस तक धरातल पर पहुँचाने का महत्वपूर्ण कार्य संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता करता है। उन्होंने पंच परिवर्तन से लेकर पंचामृत व भाजपा की पंच निष्ठा को मंडल से लेकर बूथ स्तर तक पहुंचाने को कहा।

भाजपा प्रदेश महामंत्री व गोरखपुर क्षेत्रीय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला ने कहा भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है ऐसे में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित बनकर मंडलों में प्रवास कर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना होगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर ने कहा कि केंद्र व राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार होने की नाते कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है विपक्षियों के द्वारा फैलाए गए किसी भी प्रकार के नॉरेटिव का जवाब देने के लिए प्रशिक्षण बेहद जरूरी है।

आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक अंकित सिंह चंदेल ने सोशल मीडिया, नमो ऐप व सरल ऐप सहित एआई की जानकारी देते हुए कहा कि यह डिजिटल क्रांति का युग है हमें सोशल मीडिया की सकारात्मक उपयोग को बड़ी बारीकी से समझते हुए एआई के महत्व को समझना होगा और उसका सकारात्मक उपयोग कर विपक्षियों द्वारा चलाए जा रहे नरेटिव व भ्रांतियों का पर्दाफाश भी करना है।

कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने सभी का अभिनंदन करते हुए आभार ज्ञापन किया। संचालन क्षेत्रीय महामंत्री सुनील कुमार गुप्ता ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित