तिरुवनंतपुरम , मई 14 -- केरल के मनोनीत मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने गुरुवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं रमेश चेन्निथला और केसी वेणुगोपाल को नेतृत्व चयन प्रक्रिया में महत्वपूर्ण समर्थन देने के लिए धन्यवाद दिया।

श्री सतीशन ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री पद के लिए चुना जाना कांग्रेस नेतृत्व और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (यूडीएफ) के भीतर सामूहिक विचार-विमर्श का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह "किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं", बल्कि वरिष्ठ नेताओं के बीच एकजुटता और समन्वित चर्चा का प्रतिबिंब है।

उन्होंने कहा कि सर्वसम्मति बनाने और पार्टी के भीतर किसी भी प्रकार के विभाजन को रोकने में चेन्नीथला और वेणुगोपाल की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही।

श्री सतीशन ने कहा कि श्री वेणुगोपाल ने कांग्रेस समिति के साथ समन्वय स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई, जबकि चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष के रूप में श्री चेन्नीथला के लगातार प्रयासों ने पार्टी की स्थिति को मजबूत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित