देहरादून , सितम्बर 25 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास अपने गंभीर आरोपों के समर्थन में ठोस प्रमाण नहीं हैं, इसलिए वह सड़क पर प्रदर्शन के जरिए राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।

श्री चौहान ने कहा कि पीपीटी दिखाने और नारे लगाने से 'वोट चोरी' का आरोप सच नहीं हो जाता। कांग्रेस को देश के सामने यह बताना चाहिए कि उसके आरोपों का ठोस आधार और प्रमाण क्या है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का सत्यापन चुनावी लोकतंत्र की सामान्य और आवश्यक प्रक्रिया है, इसे 'वोट चोरी' बताना जनता को भ्रमित करने की कोशिश है। मतदाता सूची में मृतक, स्थानांतरित, डुप्लीकेट अथवा अपात्र नामों की पहचान और नए पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ना निर्वाचन प्रक्रिया का हिस्सा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित