बहल , अक्तूबर 04 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक नाकामी छिपाने के लिए चुनाव आयोग पर वोट चोरी के आरोप लगाने से पहले उसे अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद कांग्रेस कभी वोट चोरी तो कभी ईवीएम का बहाना बनाकर जनता के बीच आती है।
डाॅ गुप्ता ने अनाज मंडी बहल में पूर्व कैबिनेट मंत्री जयप्रकाश दलाल द्वारा आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि श्री राहुल गांधी को अपने सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा से पूछना चाहिए कि वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में झज्जर के तत्कालीन उपायुक्त से मिली कथित विशेष मदद क्या थी। उन्होंने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा स्वयं सार्वजनिक रूप से तत्कालीन उपायुक्त चंद्रप्रकाश से विशेष मदद मिलने की बात कह चुके हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि कोई प्रशासनिक अधिकारी चुनाव में किसी प्रत्याशी की किस प्रकार मदद कर सकता है।
उन्होंने कहा कि 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का चुनाव अदालत द्वारा रद्द किए जाने के बाद देश में आपातकाल लगाया गया और लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचला गया। कांग्रेस को आज लोकतंत्र और चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाने से पहले अपना इतिहास देखना चाहिए।
डॉ गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस वायनाड, केरल या कर्नाटक में चुनाव जीतती है तो ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया सही होती है, लेकिन हारते ही वोट चोरी और ईवीएम पर सवाल उठाए जाते हैं। लोकतंत्र में जनादेश स्वीकार कर हार के कारणों पर आत्ममंथन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार किसान, युवा, महिला, गरीब और मजदूरों के सशक्तीकरण के लिए काम कर रही है। पूर्व मंत्री जयप्रकाश दलाल ने कहा कि लोहारू विधानसभा क्षेत्र में टेल तक नहरी पानी पहुंचाने, अनाज मंडियों और सड़कों के सुदृढ़ीकरण समेत कई विकास परियोजनाएं पूरी की गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित