सिरसा , अक्टूबर 13 -- हरियाणा के सिरसा की सांसद एवं कांग्रेस महासचिव कुमारी सैलजा ने कहा है कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब संविधान, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के प्रति जनता के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और इसकी पवित्रता से समझौता नहीं किया जा सकता।

कुमारी सैलजा ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस कथित वोट चोरी के मामलों की निष्पक्ष जांच, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर रोक और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करती है। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय की ओर मार्च का उद्देश्य निष्पक्ष चुनाव और संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही सुनिश्चित करना है। कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रखेगी।

उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी सैलजा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में उसके माता-पिता द्वारा उठाए गए सवालों पर सरकार से स्पष्ट जवाब मांगा। उन्होंने कथित वीआईपी की भूमिका की जांच में तेजी लाने और साक्ष्य मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित