वाराणसी , अप्रैल 10 -- भारतीय क्रिकेटर वॉशिंगटन सुंदर ने गुरुवार शाम आध्यात्मिक नगरी वाराणसी में दशाश्वमेध घाट पर आयोजित विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती के दर्शन किये।

गंगा सेवा निधि द्वारा पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया गया। वॉशिंगटन सुंदर ने गंगा पूजन किया और इसके बाद भव्य गंगा आरती में मंत्रमुग्ध होकर हिस्सा लिया। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने बताया कि क्रिकेटर वॉशिंगटन सुंदर अपने दोस्तों के साथ दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की आरती में शामिल हुए। उन्होंने वैदिक रीति से गंगा पूजन किया और भगवती मां गंगा की आरती देखकर मंत्रमुग्ध नजर आए।

सुंदर वर्तमान में आईपीएल में गुजरात टाइटंस की टीम के लिए खेल रहे हैं। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी और सचिव हनुमान यादव ने अंगवस्त्र, रुद्राक्ष की माला और प्रसाद देकर उनका स्वागत किया। विजिटर बुक में सुंदर ने लिखा- "यह जगह अद्भुत है, यहां बार-बार आने का मन करता है।"क्रिकेटर वॉशिंगटन सुंदर दशाश्वमेध घाट पर लगभग एक घंटे तक रुके रहे। आरती के दौरान मौजूद श्रद्धालु उन्हें देखकर काफी उत्साहित नजर आए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित