जयपुर , जून 21 -- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राजस्थान में सीकर रेलवे स्टेशन पर नयी पिट लाइन 'विशेष प्रकार का मेंटेनेंस ट्रैक' के निर्माण की घोषणा की है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्री वैष्णव ने रविवार को बीकानेर से जयपुर निरीक्षण के दौरान यह घोषणा की। इस पिट लाइन के कार्य से सीकर में ट्रेनों के अनुरक्षण की सुविधा में विस्तार होगा, जिससे भविष्य क्षेत्र में अधिक ट्रेनों का संचालन किया जा सकेगा।

निरीक्षण के दौरान श्री वैष्णव ने प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर के दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए खाटूश्याम जी- रींगस नयी रेल लाइन पर बनने वाले सुंदरपुरा स्टेशन की जगह पर रुक कर इस रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य की स्वीकृति के बारे मे जानकारी दी और बताया कि आज जमीन भी देख ली हैं और इसके लिए नक्शा भी बन गया हैं । उन्होंने नक्शा की डिजाइन दिखाते हुए कहा कि बहुत ही सुंदर नक्शा बना है।

उन्होंने बताया कि इस नये रेलवे स्टेशन के लिए कार्य आगामी करीब 10 महीनों में शुरू कर दिया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित