कोलकाता , अक्टूबर 26 -- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शभेंदु अधिकारी ने सोमवार को जयपुर (खातीपुरा) - टाटानगर - सांतरागाछी एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। श्री वैष्णव इस कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

इस मौके पर श्री वैष्णव ने कहा कि जयपुर को जमशेदपुर और कोलकाता से जोड़ने वाली नयी ट्रेन सेवा राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड तथा पश्चिम बंगाल के बीच रेल सम्पर्क को बेहतर बनाएगी। इससे राजस्थान में रहने वाले प्रवासी श्रमिकों, व्यापारिक समुदायों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को लाभ होगा।

झारखंड में रेलवे के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के लिए रेलवे बजट आवंटन 450 करोड़ रुपये से बढ़कर 7,500 करोड़ रुपये हो गया है, जो पहले के आवंटन का लगभग 16 गुना है। राज्य में लगभग 75,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत झारखंड के 57 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें गोड्डा, गोविंदपुर रोड, लोहरदगा, मधुपुर और मुरी सहित कई स्टेशनों पर कार्य पूरा हो चुका है।

रेल मंत्री ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में पुनर्विकास कार्य जारी हैं और 1,300 से अधिक स्टेशनों को इसमें शामिल किया गया है। पश्चिम बंगाल के कई स्टेशनों, जिनमें सांतरागाछी, जलपाईगुड़ी रोड, जयचंडी पहाड़, हल्दिया और कामाख्यागुड़ी शामिल हैं, का भी पुनर्विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे का विकास मध्यम वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है, जिनके लिए रेलवे किफायती परिवहन का एक प्रमुख साधन है। उन्होंने जोर दिया कि स्टेशन पुनर्विकास और बेहतर संपर्क से सभी आय वर्गों के यात्रियों को लाभ होगा।

श्री वैष्णव ने कहा कि हावड़ा, खड़गपुर, चाकुलिया और टाटानगर को जोड़ने वाली रेल लाइन पर चार-लाइन विस्तार का कार्य किया जा रहा है। रेल मंत्री ने यह भी बताया कि कोलकाता मेट्रो के बेलघाटा-आईटी सेंटर से जुड़ा 4.5 किलोमीटर लंबा सेक्शन पूरा हो चुका है और इस पर ट्रायल रन शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यह सेक्शन ग्रीन लाइन से संपर्क प्रदान करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित