बीकानेर , जून 21 -- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा केंद्रीय कानून एवं न्याय एवं संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर यहां लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और योग के महत्व का संदेश दिया।
श्री वैष्णव एवं श्री मेघवाल ने बीकानेर के करणी सिंह स्टेडियम में यह योगाभ्यास किया। इस अवसर पर श्री वैष्णव ने कहा कि बीकनेर शौर्य भूमि है तथा योग दिवस के अवसर पर यहां आने के लिए श्री मेघवाल का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज प्रधानमंत्री मोदी नरेंद्र मोदी के दिशा निर्देशन में पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने लोगों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल कर निरोग रहने की बात कही।
श्री मेघवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही एक सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है। योग व्यक्ति को अनुशासन, संयम और संतुलन का पाठ पढ़ाता है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित