पटना, जून 09 -- बिहार के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा ने मंगलवार को कहा कि देश और विदेश के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र में बिहार की प्रतिभा का डंका बज रहा है। श्री मिश्रा ने आज डिजिटल प्लेटफॉर्म के तहत स्टेट डॉट बिहार डॉट जीओवी डॉट इन/ डीआइटी/ सिटीजन होम डॉट एचटीएमएल एंड डीओआइटी डॉट बिहार डॉट जीओवी डॉट इन पोर्टल के उद्घाटन के अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में यह अनुकूल समय है जब बिहारी प्रतिभाएं अपनी जन्मभूमि के विकास में अपना पूरा सहयोग दे सकती हैं। इसके लिए विभाग ने बकायदा पोर्टल की शुरुआत की है। इस पोर्टल के सहारे युवा राज्य से दूर रहते हुए भी अपने कार्यस्थल से अपनी जन्मस्थली के विकास में चेंज मेकर, वालिंटियर और निवेशक की भूमिका निभा सकते हैं।

पोर्टल का उद्घाटन मंत्री श्री मिश्रा ने शॉर्ट क्लिप के माध्यम से किया। इस शॉर्ट क्लिप में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का देश और विदेश में रहकर आईटी क्षेत्र में काम करने वाले बिहार की प्रतिभाओं का अपने जन्मभूमि के लिए योगदान देने का आह्वान था।

इस अवसर पर मंत्री श्री मिश्रा ने कहा कि विभाग ने एक नई पहल के तहत पोर्टल की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि काफी प्रतिभाएं देश-दुनिया में बाहर रहती हैं और उनके भीतर बाहर रहते हुए भी बिहार की धरती के लिए काम करने की भूख बनी रहती है। ऐसे विचार उनकी ओर से अक्सर सोशल माध्यमों से जाहिर किया जाता रहा है। पोर्टल की शुरुआत का उद्देश्य बिहार से बाहर रहने वाले युवाओं को राज्य के विकास में सुझाव-समस्या का समाधान देने, निस्वार्थ सहयोग करने के साथ-साथ यहां के लिए निवेश करने की इच्छा व्यक्त करने का सशक्त माध्यम उपलब्ध कराना है।

श्री मिश्रा ने देश-दुनिया में रहकर तकनीकी क्षेत्र में सेवा दे रहे युवाओं को बिहार आकर यहां स्टार्टअप डालने और यहां के विकास में अपना सहयोग देने का आह्वान किया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले सरकार ने राज्य में निवेश के लिए एक लाख 81 हजार करोड़ रुपए की एमओयू साइन किए थे। इसमें करीब एक लाख करोड़ रुपए से भी अधिक की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी का लक्ष्य है कि बिहार के विकास में भविष्य में करीब पांच लाख करोड़ के निवेश को आकर्षित किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्षितिज पर जल्द ही उभरता और आगे बढ़ता हुआ बिहार का तस्वीर सामने आएगा।

कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सूचना प्रावैधिकी विभाग की ऑफिशियल साइट के माध्यम से पोर्टल पर जाया जा सकता है। यहां युवाओं के लिए चेंज मेकर बनने, वॉलिटियर करने और इंवेस्ट करने के सुझाव के विकल्प दिए हुए हैं। इससे पहले स्वागत उद्बोधन में सचिव अभय कुमार ने कहा कि मंत्री चाहते थे कि तकनीकी क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रहकर अपनी सेवा देने वाले प्रतिभाओं का बिहार के विकास में योगदान सुनिश्चित किया जाय, इसी के दृष्टिकोण से पोर्टल का शुभारंभ किया गया है। इस पोर्टल के सहारे राज्य की प्रगति संबंधी सुझाव आमंत्रित करने, पॉलिसी इंवेस्ट में उन्हें शामिल करने का विकल्य उपलब्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित