दरभंगा , मई 15 -- बिहार में दरभंगा के सांसद एवं लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सचेतक डॉ गोपाल जी ठाकुर ने शुक्रवार को कहा है कि वैश्विक स्तर पर उत्पन्न युद्ध जैसे संकटपूर्ण हालात और पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती चुनौतियों के बीच देशवासियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेशों और सुझावों को आत्मसात करना चाहिए।

डॉ ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशहित में सादगीपूर्ण जीवनशैली अपनाने, संसाधनों के संयमित उपयोग तथा आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करने का जो आह्वान किया है, वह वर्तमान परिस्थितियों में अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजी वियों तथा आम नागरिकों से प्रधानमंत्री के संदेशों पर अमल करने की अपील की।

सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि उन्होंने स्वयं भी प्रधानमंत्री के आह्वान से प्रेरित होकर राष्ट्रहित में सादगी के साथ जीवन जीने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब पूरी दुनिया विभिन्न प्रकार के संकटों और युद्ध जैसी परिस्थितियों से जूझ रही है, तब प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखे।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का संदेश केवल भारत ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी संकट से उबरने का महत्वपूर्ण मार्ग दिखाता है।

डॉ ठाकुर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए ऊर्जा संरक्षण, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा राष्ट्रीय हित के कार्यों में सक्रिय सहयोग दें।

सांसद ने कहा कि देश की एकता, अनुशासन और सामूहिक जिम्मेदारी ही वर्तमान चुनौतियों से निपटने की सबसे बड़ी ताकत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित