पटना , मई 04 -- बापू संवाद श्रृंखला के क्रम में बापू टावर में सोमवार को संवाद-6 के तहत 'महात्मा गांधी का वैश्विक मानववाद' विषय पर व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित हुआ।

इस अवसर पर अपने स्वागत वक्तव्य के दौरान बापू टावर के निदेशक विनय कुमार ने गांधी दर्शन में विद्यमान मानववाद को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से चर्चा करते हुए सभी गणमान्य अतिथियों और श्रोताओं का स्वागत किया।

व्याख्यान के वक्ता रहे डॉ. ज्योतिष जोशी ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार भारत की सनातन परंपरा से जुड़े हैं। महात्मा गांधी के स्वराज के चिह्न उपनिषदों एवं वेदों से अभिप्रेरित हैं। उन्होंने वैश्विक मानववाद की चर्चा करते हुए इसे व्यक्ति सुधार के लिए जरूरी बताया। इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कवि एवं मनोचिकित्सक डॉ. विनय कुमार ने कहा कि गांधी जी का सम्पूर्ण जीवन व उनके विचार मानवता की धरोहर हैं।

उक्त अवसर पर मंच संचालन बापू टावर के अवर सचिव अरूण कुमार पाठक ने किया तथा कार्यक्रम का समापन उपनिदेशक ललित कुमार सिंह के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ। इस अवसर पर विभिन्न कॉलेजों के अध्यापक, प्राध्यापकगण तथा शहर के महत्त्वपूर्ण हस्तियों की भी उपस्थिति रही साथ ही ए०एन०कॉलेज, सेंट जेवियर्स कॉलेज, दयानन्द बालक उच्च विद्यालय एवं दयानन्द कन्या उच्च विद्यालय, मीठापुर से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित