नयी दिल्ली, अगस्त 13 -- पश्चिम एशिया संकट सहित वैश्विक चुनौतियों के बावजूद इस वर्ष जुलाई में देश के निर्यात क्षेत्र का प्रदर्शन उल्लेखनीय रूप से मजबूत रहा और माह के दौरान वाणिज्यिक वस्तुओं का निर्यात 19.63 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 44.24 अरब डॉलर रहा। पिछले साल इसी महीने वाणिज्यिक निर्यात 36.98 अरब डॉलर था।
जुलाई माह के दौरान व्यापार घाटा बढ़ कर 31.98 अरब डॉलर पर पहुंच गया जो जून में 30.43 अरब डॉलर था। जुलाई में वाणिज्यिक आयात 17.56 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 76.22 अरब डॉलर पर पहुंच गया जो एक साल पहले 64.86 अरब डॉलर के बराबर था।
आलोच्य माह में पेट्रोलियम उत्पाद, इलेक्ट्रानिक सामान , इंजीनियरिंग उत्पाद, रसायन और सूती धागे के निर्यात में अच्छी वृद्धि दिखी। माह के दौरान गैर पेट्रोलियम निर्यात 37.32 अरब डॉलर और गैर पेट्रोलियम एवं गैर रत्न-आभूषण निर्यात 35 अरब अरब डॉलर के बराबर रहा। पिछले साल इसी माह ये आंकड़े क्रमश: 32 अरब डॉलर और 30.47 अरब डॉलर थे। आलोच्य माह में गैर पेट्रोलियम आयात 57.91 अरब डॉलर और गैर पेट्रोलिय एवं गैर रत्न-आभूषण आयात 51.82 अरब डॉलर था।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा गुरुवार जारी जुलाई, 2026 के निर्यात-आयात के आंकड़ों के अनुसार जुलाई में सेवाओं का निर्यात सालाना आधार पर 6.37 प्रतिशत बढ़ कर 35.89 अरब डॉलर तथा सेवा आयात 9.47 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 18.94 अरब डॉलर रहा।
जुलाई में वाणिज्यिक वस्तुओं और सेवाओं को मिलाकर कुल निर्यात 80.14 अरब डॉलर रहने का अनुमान है जो जुलाई 2025 की तुलना में 13.31 प्रतिशत की सकारात्मक वृद्धि दर्शाता है। जुलाई में वस्तु और सेवाओं को मिलाकर कुल आयात 95.16 अरब डॉलर रहने का अनुमान है जो सालाना आधार पर 15.83 प्रतिशत अधिक है।
वाणिज्य मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार जुलाई 2026 में पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात जुलाई 2025 के 4.13 अरब डॉलर से बढ़कर जुलाई 2026 में 6.92 अरब डॉलर हो गया, जो 67.64 प्रतिशत की वृद्धि है। इसी दौरान इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं का निर्यात एक साल पहले के 3.76 अरब डॉलर से बढ़कर 5.92 अरब डॉलर हो गया, जो 57.40 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
इंजीनियरिंग वस्तुओं का निर्यात जुलाई 2025 के 10.40 अरब डॉलर से 17.71 प्रतिशत बढ़कर इस बार जुलाई में 12.24 अरब डॉलर रहा हो गया। जैविक एवं अकार्बनिक रसायनों का निर्यात जुलाई 2025 के 2.45 अरब डॉलर से 14.39 प्रतिशत बढ़कर जुलाई 2026 में 2.80 अरब डॉलर हो गया। इसी तरह सूती धागे/कपड़े/मेड-अप्स, हथकरघा उत्पादों आदि का निर्यात एक साल पहले के 1.02 अरब डॉलर से बढ़कर इस वर्ष जुलाई में 1.11 अरब डॉलर रहा जो 8.40 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
अप्रैल-जुलाई 2026-27 के दौरान वस्तु एवं सेवाओं का संचयी निर्यात अनुमानतः 13.16 प्रतिशत की वृद्धि की वृद्धि के साथ 316.42 अरब डॉलर रहा, जबकि अप्रैल-जुलाई 2025-26 में यह 279.63 अरब डॉलर था। इस दौरान कुल वस्तु निर्यात 173.78 अरब डॉलर रहा जो अप्रैल-जुलाई 2025-26 के 148.48 अरब डॉलर से 17.04 प्रतिशत अधिक रहै।
अप्रैल-जुलाई 2026-27 में गैर-पेट्रोलियम निर्यात143.61 अरब डालर रहा, जो एक साल पहले की इसी अवधि के 127.32 अरब डॉलर की तुलना में 12.79 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित