नोएडा , फरवरी 21 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप भारत समग्र विकास के नए प्रतिमान स्थापित करते हुए वैश्विक आर्थिक महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है।
उन्होने कहा कि इसी क्रम में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के जेवर में 3700 करोड़ रुपये से अधिक निवेश वाली उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर परियोजना 'इंडिया चिप' का शिलान्यास प्रधानमंत्री के कर-कमलों से होना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' को बढ़ावा मिला, जिससे राज्यों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण बना। वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में सरकार बनने के बाद 'फियरलेस बिजनेस' और 'ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस' का मजबूत इकोसिस्टम स्थापित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत इमर्जिंग टेक्नोलॉजी का वैश्विक हब बन रहा है। 'सेमीकॉन इंडिया 2025' में प्रधानमंत्री द्वारा कही गई पंक्ति "ऑयल वॉज ब्लैक गोल्ड, बट चिप इज डिजिटल डायमंड" आज की अर्थव्यवस्था की दिशा स्पष्ट करती है। उनके अनुसार 21वीं सदी की अर्थव्यवस्था चिप आधारित तकनीक पर निर्भर है और भारत इस क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि एचसीएल टेक्नलाजीस और फॉक्सकॉन का संयुक्त उपक्रम, जिसके अंतर्गत पहली डिस्प्ले ड्राइवर सेमीकंडक्टर ओसैट यूनिट स्थापित हो रही है, प्रदेश के औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले यह क्षेत्र अराजकता और असुरक्षा के लिए जाना जाता था, लेकिन आज वही जेवर पूरे भारत का 'जेवर' बनकर उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 34 से अधिक सेक्टोरल नीतियों के माध्यम से निवेश को बढ़ावा दिया गया है। डी-रेगुलेशन और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में उत्तर प्रदेश अग्रणी राज्यों में शामिल है। डी-क्रिमिनलाइजेशन के तहत 99 राज्य अधिनियमों में 13 प्रतिशत से अधिक आपराधिक प्रावधान समाप्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह सेमीकंडक्टर परियोजना केवल एक औद्योगिक इकाई नहीं, बल्कि नए भारत और नए उत्तर प्रदेश की तकनीकी आत्मनिर्भरता की आधारशिला है।
केंद्रीय आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि इस प्लांट में प्रति माह तीन करोड़ 60 लाख चिप का उत्पादन होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज लॉ एंड ऑर्डर, कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर में अग्रणी राज्य बन चुका है।
एचसीएल ग्रुप की चेयरपर्सन रोशनी नाडर मल्होत्रा ने केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के समर्थन के लिए आभार जताया और इसे कंपनी की विकास यात्रा का नया अध्याय बताया। फॉक्सकॉन के सेमीकंडक्टर बिजनेस ग्रुप के अध्यक्ष बॉब चेन ने कहा कि यह संयुक्त उद्यम भारत में निर्माण, संचालन और स्थानीयकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है और इससे स्थानीय समुदाय को भी लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश को वैश्विक सेमीकंडक्टर मानचित्र पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित