हाजीपुर , मई 27 -- बिहार के वैशाली जिले में अत्याधुनिक खेल भवन- सह-व्यायामशाला का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। यह भवन जिले के खिलाड़ियों और युवाओं के लिए नई सुविधाओं एवं अवसरों का केंद्र बनेगा। बुधवार को सर्किट हाउस परिसर के पीछे निर्माणाधीन खेल भवन का निरीक्षण किया गया। इस दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता और उपयोग की जा रही सामग्रियों की गहन समीक्षा की गई। संबंधित एजेंसी को निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि इस अत्याधुनिक खेल भवन का निर्माण कार्य नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्माण पूर्ण होने के बाद यह परिसर वैशाली जिले में खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

तीन मंजिला इस भवन के ग्राउंड फ्लोर पर इंडोर स्टेडियम और जिम की सुविधा विकसित की जा रही है। प्रथम तल पर ताइक्वांडो और कुश्ती खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण व्यवस्था होगी। वहीं द्वितीय तल पर जिला खेल पदाधिकारी कार्यालय, योगा एरिया, टेबल टेनिस कोर्ट और मीटिंग हॉल बनाया जाएगा।

जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि यह खेल भवन वैशाली के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि जिले के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर वैशाली का नाम रोशन कर सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित