पटना, अक्टूबर 29 -- िहार की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक धरती वैशाली में आगामी 11 से 13 दिसंबर 2026 तक अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन 2026 का आयोजन बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप परिसर में किया जाएगा। इस अंतर्राष्ट्रीय आयोजन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार के सचिव प्रणव कुमार, की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में संग्रहालय निदेशालय के निदेशक कृष्ण कुमार,कला एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त सचिव महमूद आलम, भवन निर्माण विभाग के अपर सचिव राजेश कुमार सिंह, बिहार विरासत विकास समिति के कार्यपालक निदेशक प्रो. अनिल कुमार, बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप, वैशाली के अपर निदेशक डॉ. विमल तिवारी, वैशाली के उप विकास आयुक्त, हाजीपुर के अनुमंडल पदाधिकारी तथा आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों, तैयारियों की प्रगति और आपसी समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई।

समीक्षा के दौरान आयोजन स्थल एवं आसपास की व्यवस्थाओं, अतिथियों के आवागमन, सड़क एवं यातायात प्रबंधन, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा तथा देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधियों के लिए आवश्यक सुविधाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

सचिव श्री प्रणव कुमार ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए, जिससे सम्मेलन में शामिल होने वाले बौद्ध भिक्षुओं, धर्मगुरुओं, विद्वानों एवं अन्य अतिथियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन 2026 के दौरान त्रिपिटक पाठ एवं धार्मिक अनुष्ठान, शैक्षणिक सत्र, पर्यटन पर गोलमेज चर्चा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विरासत भ्रमण जैसे आयोजन प्रस्तावित हैं। सम्मेलन का उद्देश्य बौद्ध धर्म की समृद्ध विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना तथा वैशाली सहित बिहार की ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ करना है।

बिहार सरकार इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में कार्य कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित