हाजीपुर , जून 05 -- बिहार में वैशाली जिले में शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री सह वैशाली जिला के प्रभारी मंत्री निशांत कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (बीस सूत्री) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान मंत्री ने मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना से संबंधित समीक्षा बैठक की भी अध्यक्षता की। साथ ही उन्होंने प्रथम जिला नागरिक परिषद एवं बाढ़-सुखाड़ की तैयारियों की भी समीक्षा की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री श्री निशांत ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा सभी योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी योजनाओं एवं परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरा करें।
मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना की समीक्षा के दौरान मंत्री ने शहरी आधारभूत संरचना से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में सड़क, नाला, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास कार्यों में तेजी लाई जाए, जिससे आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
मंत्री ने कहा कि वैशाली केवल एक जिला नहीं, बल्कि गौरवशाली इतिहास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यह विश्व के प्रथम लोकतंत्र की भूमि रही है तथा भगवान बुद्ध एवं भगवान महावीर के विचारों और संदेशों से जुड़ा महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वैशाली के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और विकास के प्रत्येक क्षेत्र में योजनाबद्ध एवं प्रभावी ढंग से कार्य कर रही है।
स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत की अध्यक्षता में वैशाली जिले की प्रथम जिला नागरिक परिषद एवं बाढ़-सुखाड़ की तैयारियों से संबंधित समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में परिषद की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं भावी कार्ययोजना के साथ-साथ जिले में आपदा प्रबंधन, बाढ़ तथा सुखाड़ से संबंधित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित