हाजीपुर , मई 16 -- बिहार के वैशाली जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर विशेष छापेमारी अभियान संचालित करते हुए बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की तथा दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। प्रथम कार्रवाई में सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुभई गांव में गुप्त सूचना के आधार पर एक मकान में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान मकान के एक कमरे से कुल 73.8 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

वहीं दूसरी कार्रवाई में नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हेला बाजार स्थित एक गुमटीनुमा दुकान में छापेमारी की गई, जहां से कुल 195 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में भी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

दोनों मामलों में उत्पाद विभाग की टीम द्वारा बरामद शराब को विधिवत जप्त करते हुए गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। साथ ही शराब के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य नेटवर्क एवं संलिप्त व्यक्तियों की पहचान के लिये जांच की जा रही है।

उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी रूप से लागू करने हेतु लगातार निगरानी, वाहन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित