हाजीपुर , मार्च 23 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देशानुसार सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के जीवन प्रमाणीकरण के लिये जिले के सभी प्रखंडों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
शिविरों के माध्यम से पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण कराया जा रहा है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि पात्र लाभार्थियों को पेंशन की राशि का भुगतान निर्बाध एवं नियमित रूप से होता रहे।आज आयोजित शिविरों में 530 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण किया गया। शिविरों में लाभार्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई थीं, जिससे प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाया जा सका।
उल्लेखनीय है कि जिले के सभी प्रखंडों में यह विशेष अभियान 31 मार्च 2026 तक सतत रूप से संचालित रहेगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण कर शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करना है।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें तथा शिविरों में अधिकतम लाभार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित कराते हुए शेष पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराएं। उन्होंने निर्देश दिया गया है कि किसी भी पात्र लाभार्थी को पेंशन लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित