हाजीपुर , जुलाई 13 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने मंगलवार को सड़क हादसों में कमी लाने एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह ने इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों एवं आमलोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया।
जागरूकता रथ 31 जनवरी 2026 तक जिले के विभिन्न प्रखंडों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को सड़क सुरक्षा से संबंधित जानकारी देगा।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण नियमों की अनदेखी है। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करना, ओवरलोडिंग से बचना और यातायात संकेतों का पालन कर हम दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोक सकते हैं। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि किसी भी सड़क दुर्घटना की स्थिति में आम नागरिक पुलिस, एंबुलेंस या डायल 112 को सूचना देकर और घायल व्यक्ति को शीघ्र अस्पताल पहुंचाकर मानवता का परिचय दे सकते हैं। ऐसे मददगारों को सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति-पत्र तथा जिला और राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाता है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना स्थल पर सहायता करने से डरने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि यह एक सराहनीय और मानवीय कार्य है।
इस अवसर पर जानकारी दी गई कि सड़क सुरक्षा माह के तहत 16 जनवरी 2026 को समाहरणालय परिसर में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में वाहन चालकों की आंखों की जांच की जाएगी तथा जरूरतमंद चालकों को निःशुल्क चश्मा भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे सुरक्षित वाहन परिचालन सुनिश्चित हो सके।
सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर जिला परिवहन कार्यालय की ओर से मंगलवार को रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। यह कैंप मां ब्लड सेंटर के ब्लड कलेक्शन एवं ट्रांसपोर्टेशन वैन के माध्यम से आयोजित किया गया।
अपर जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटर यान निरीक्षक सहित विभागीय पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों और कार्यालय कर्मचारी ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। अधिकारियों ने रक्तदान करने वाले सभी दाताओं का उत्साहवर्धन किया और आमजन से भी स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित