हाजीपुर , मई 20 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को श्रावणी मेला-2026 की पूर्व तैयारी एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिये जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता आपदा, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी हाजीपुर एवं महुआ, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता आरसीडी एवं आरडब्ल्यूडी, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग, नगर परिषद हाजीपुर, नगर पंचायत गोरौल, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में उप विकास आयुक्त द्वारा श्रावणी मेला-2026 के दौरान की जाने वाली प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। श्रावणी मेला का आयोजन 03 अगस्त 2026 प्रथम सोमवारी से प्रारंभ होकर 31 अगस्त 2026 अंतिम सोमवारी तक चलेगा। इस दौरान वैशाली जिला होकर बड़ी संख्या में कांवरिया श्रद्धालु मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ धाम जलाभिषेक के लिये प्रस्थान करते हैं।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारियों में विधि-व्यवस्था संधारण, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, घाट सुरक्षा तथा श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना शामिल है। विशेष रूप से कुनहारा घाट एवं कांवरिया पथ पर सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था एवं ट्रैफिक प्रबंधन को महत्वपूर्ण बताया गया।
बैठक में जानकारी दी गई कि श्रावण माह के प्रत्येक शनिवार सुबह 06:00 बजे से सोमवार दोपहर 02:00 बजे तक हाजीपुर से मुजफ्फरपुर जाने वाले भारी एवं चारपहिया वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। उक्त अवधि में बस, ट्रक, टाटा-407/409, मेटाडोर एवं अन्य बड़े वाहनों को रामाशीष चौक से नई ओवरब्रिज, लालगंज, वैशाली एवं सरैया होकर डायवर्ट किया जाएगा। केवल कांवरियों के वाहन, एम्बुलेंस एवं आवश्यक सेवा वाहनों को निर्धारित शर्तों के तहत छूट दी जाएगी।
कांवरिया पथ के बाईं ओर पैदल श्रद्धालुओं के लिये वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी, जबकि दाईं ओर से स्थानीय यातायात एवं कांवरिया मोटरसाइकिल जत्थों का परिचालन कराया जाएगा। सोमवार दोपहर 02:00 बजे से शुक्रवार अपराह्न 03:00 बजे तक सामान्य यातायात व्यवस्था बहाल रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित