हाजीपुर , मई 20 -- बिहार के वैशाली जिला अन्तर्गत लगातार बढ़ रहे तापमान, भीषण गर्मी एवं लू की स्थिति को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य एवं जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। वैशाली की जिला दण्डाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत आदेश जारी करते हुए वैशाली जिला के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में वर्ग-8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों तथा प्री-स्कूल एवं आँगनबाड़ी केन्द्रों के संचालन पर पूर्वाह्न 11:30 बजे के बाद प्रतिबंध लगाया गया है।

जारी आदेश के अनुसार प्री-स्कूल एवं आँगनबाड़ी केन्द्रों का संचालन प्रातः 07:00 बजे से पूर्वाह्न 11:00 बजे तक किया जाएगा एवं वर्ग 1 से वर्ग 8 तक का संचालन पूर्वाह्न 11:30 बजे तक किया जाएगा। साथ ही सभी विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया गया है कि वे अपने शैक्षणिक कार्यक्रम एवं गतिविधियों को उक्त आदेश के अनुरूप पुनर्निर्धारित करें।

यह आदेश वैशाली जिला में 20.05.2026 से लागू होगा तथा 23.05.2026 तक प्रभावी रहेगा।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन एवं आम नागरिकों से अपील की है कि भीषण गर्मी एवं लू से बचाव के लिये आवश्यक सावधानियाँ बरतें तथा बच्चों को अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलने दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित