हाजीपुर , मार्च 23 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देशन में सोमवार को हाजीपुर शहर के नमामि गंगे घाट पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला गंगा समिति, वैशाली, नगर परिषद हाजीपुर, भारत स्काउट एवं गाइड, वैशाली एवं सीता सामाजिक सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

हाजीपुर के अनुमंडल पदाधिकारी राम बाबू बैठा ने हाजी इलियास पार्क से गंगा स्वच्छता पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया । पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं एवं स्काउट-गाइड के सदस्यों ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी श्री बैठा ने कहा कि गंगा एवं अन्य नदियों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों एवं नागरिकों से अपील की कि वे नदी में कचरा न डालें तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

नमामि गंगे घाट पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीपीओ, नमामि गंगे, वैशाली मुनेश कुमार ने गंगा स्वच्छता, नदी संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन के महत्व पर विस्तृत जागरूकता चर्चा की तथा उपस्थित सभी लोगों को गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाई।

जिला पदाधिकारी ने अपने संदेश में कहा कि "गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति एवं जीवन का आधार है। गंगा की स्वच्छता एवं अविरलता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के माध्यम से जनभागीदारी सुनिश्चित कर हम इस दिशा में ठोस कदम उठा सकते हैं। सभी नागरिकों से अपील है कि वे इस अभियान से जुड़कर स्वच्छ एवं निर्मल गंगा के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।"इस कार्यक्रम के माध्यम से गंगा स्वच्छता एवं नदी संरक्षण के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने का सार्थक प्रयास किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित