दांबुला , जून 21 -- सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (94), कप्तान तिलक वर्मा (67), ऋतुराज गायकवाड़ (40) और अनुकूल रायॅ (39) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ए ने रविवार को त्रिकोणीय श्रृंखला के फाइनल मुकाबले में श्रीलंका ए के खिलाफ नौ विकेट पर 377 रनों का स्कोर खड़ा किया।
आज यहां श्रीलंका ए टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारत ए के लिए सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्य की सलामी जोड़ी ने अतिशी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पहले विकेट के लिए महज 8.5 ओवरों में 132 रन जोड़ डाले। इस दौरान वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका के गेंदबाजों की खूब खबर ली। उन्होंने मात्र 11 गेंद पर अर्धशतक जड़कर विश्व रिकॉर्ड बना दिया। यह लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक है। लेकिन वह लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक बनाने से चूक गए। उन्हें नौवें ओवर में सहान अराछिगे ने आउट किया। वैभव सूर्यवंशी ने 29 गेंदों में 10 चौके और आठ छक्कों की मदद से 94 रनों की पारी खेली। अगले ही ओवर में दुलाज समुदिथा ने प्रियांश आर्य को आउट कर भारत ए के रनों की रफ्तार को धीमा कर दिया। प्रियांश आर्य ने 29 गेंदों में छह चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 39 रन बनाये।
इसके बाद तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 84 रन जोड़े। 28वें ओवर में मोहम्मद शीराज ने ऋतुराज गायकवाड़ को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा । ऋतुराज गायकवाड़ ने 51 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए (40) रन बनाये। कुमार कुशाग्र (36), सूर्यांश शेडगे (दो) रन बनाकर आउट हुये। 41वें ओवर में वनुजा सहन ने तिलक वर्मा को आउट किया। तिलक वर्मा ने 90 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए (67) रन बनाये। भारतीय बल्लेबाज आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने के प्रयास में अपने विकेट गंवाये दिये। निशांत सिंधु (16) और विप्रज निगम 20 गेंदों में (27) रन बनाकर आउट हुये। अनुकूल रॉय ने ऐसे समय आतिशी बल्लेबाजी की जब लगा रहा था कि भारत 350 रनों के स्कोर तक भी नहीं पहुंच पायेगा। उन्होंने 15 गेंदों में एक चौका और चार छक्के उड़ाते हुए (39) रनों की पारी खेली। भारत ए ने निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट पर 377 रनों का स्कोर बनाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित