बीकानेर , जनवरी 19 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा है कि आज वैज्ञानिक सफलताएं जितनी उन्नत होती जा रही हैं, उतनी ही व्यावहारिक भी हो रही हैं और इस दिशा को और बेहतर करने के लिए यह आवश्यक है कि प्रयोगशालाओं में होने वाली खोजें तेजी से क्लिनिक तक पहुंचे, जिससे चिकित्सकों के व्यावहारिक अनुभव एवं अवलोकन फिर से बुनियादी विज्ञान को दिशा दे सकें।
श्री शेखावत सोमवार को डूंगर कॉलेज में रेडिएशन बायोलॉजी एवं कैंसर रिसर्च के फ्रंटियर्स विषय पर आयोजित दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में ऑनलाइन जुड़कर यह बात कही। उन्होंने कहा कि यही सतत संवाद, लैब से बेडसाइड और बेडसाइड से लैब, आधुनिक चिकित्सा को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और मानवीय बनाता है। हाल के वर्षों में भारत के वैज्ञानिक इकोसिस्टम और स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर ने कैंसर विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। विशेष रूप से डायग्नोस्टिक्स की सटीकता बढ़ाने, किफायती उपचार विकल्प विकसित करने और गुणवत्तापूर्ण देखभाल को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की दिशा में देश ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि रीजनल कैंसर सेंटर, मेडिकल कॉलेज और कम्युनिटी हॉस्पिटल जैसे देश के अनेक संस्थान अब अत्याधुनिक और जटिल उपचार पद्धतियां करुणा, संवेदनशीलता और उच्च पेशेवर दक्षता के साथ प्रदान कर पा रहे हैं। इसी क्रम में, रेडिएशन बायोलॉजी में किया जा रहा शोध भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। श्री शेखावत ने कहा कि रेडिएशन के प्रति शरीर की प्रतिक्रिया को बेहतर ढंग से समझना, उपचार से होने वाले साइड इफेक्ट्स को न्यूनतम करना और रोगियों की जीवन-गुणवत्ता में सुधार के लिए डोज़ शेड्यूल को वैज्ञानिक रूप से अनुकूलित करना, ये सभी प्रयास आधुनिक कैंसर उपचार की रीढ़ हैं। ऐसे में, इस क्षेत्र में होने वाले शोध, चाहे वह बेसिक साइंस से जुड़ा हो या क्लिनिकल एप्लिकेशन से, सीधे तौर पर इसी राष्ट्रीय मिशन को सशक्त करता है।
उन्होंने रेडिएशन के महत्व पर बात करते हुए कहा कि यह डायग्नोसिस और थेरेपी, दोनों ही क्षेत्रों में सबसे प्रभावशाली और शक्तिशाली उपकरणों में से एक बन चुका है लेकिन इसकी वास्तविक शक्ति तभी सार्थक रूप में सामने आती है, जब हम इसके सेलुलर तथा सिस्टमिक स्तर पर पड़ने वाले प्रभावों को गहराई से समझते हैं और उसी वैज्ञानिक समझ के आधार पर इसका सुरक्षित, संतुलित और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित