तारोबा , जुलाई 29 -- जेडेन सील्स (पांच विकेट), जस्टिन ग्रीव्स और केमार रोच (दो-दो विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत वेस्टइंडीज ने पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन पाकिस्तान को दूसरी पारी में 120 रन समेट कर मुकाबला 90 रनों से जीत लिया। इसी के साथ वेस्टइंडीज ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में सात विकेट पर 126 रन से आगे खेलना शुरु किया। चौथे दिन सुबह के सत्र में मोहम्मद अली ने शमार जोसेफ (38) रन को बोल्ड कर इस साझेदारी का अंत किया। 48वें ओवर में मोहम्मद अब्बास ने केमार रोच (18) का शिकार कर लिया। 55वें ओवर की पांचवीं गेंद पर अब्बास ने जोमेल वारिकन (14) को बोल्ड कर वेस्टइंडीज की दूसरी पारी का 181 रन के स्कोर पर अंत कर दिया। इस दौरान वेस्टइंडीज के निचले क्रम के बल्लेबाजों ने उनकी बढ़त को 155 से बढ़ाकर 210 रन तक पहुंचाकर पाकिस्तान परेशानी में डाल दिया। दूसरी पारी में पाकिस्तान को जीत के लिए 211 रनों का लक्ष्य मिला।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान को वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने शुरुआती झटके दिए, जिससे वे कभी वापसी नहीं कर पाए। पूरे दिन बाबर आज़म अकेले संघर्ष करते दिखे, जबकि उनके साथ बल्लेबाजी करने वाले साथी आते-जाते रहे। पाकिस्तान के पास लक्ष्य का पीछा करने के लिए पांच से कुछ ज़्यादा सेशन थे। वे मुश्किल से दो सेशन ही टिक पाए और हार गए। लंच ब्रेक से पहले ही शुरुआती झटकों ने उन्हें मुश्किल में डाल दिया था। तीसरे ओवर में ही इमाम-उल-हक केमार रोच का शिकार बने। अतिरिक्त उछाल के कारण वे चकमा खा गए और गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर पीछे होप के हाथों में चली गई। सील्स ने एक साधारण सी गेंद पर विकेट लेकर अपने पांच विकेट का सिलसिला शुरू किया, जब ओपनर अज़ान अवैस ने शरीर से दूर शॉट खेलने की कोशिश में हाफ-वॉली पर गेंद का किनारा दे दिया। इसके बाद सील्स ने सलमान आगा को पगबाधा आउट किया, जो छह गेंदों का सामना करने के बाद भी खाता नहीं खोल पाए। लंच तक पाकिस्तान का स्कोर 10 ओवर में 28/3 था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित