नयी दिल्ली , जनवरी 27 -- वेस्टइंडीज ने भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए अपनी 15 सदस्यीय दल में बल्लेबाज क्वेंटिन सैंपसन को शामिल किया है, जबकि तेज गेंदबाज अल्ज़ारी जोसेफ चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। यही टीम मंगलवार से पार्ल में शुरू हो रही तीन मैचों की सीरीज में दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ खेलेगी।

2024 में पिछले टी20 विश्व कप की सह-मेजबानी करने वाली टीम की तुलना में निकोलस पूरन और आंद्रे रसेल जैसे बड़े नाम अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। लेकिन वेस्टइंडीज के पास अब भी जेसन होल्डर और जॉनसन चार्ल्स का अनुभव मौजूद है। जहां होल्डर 86 टी20 खेल चुके हैं, वहीं आगामी टी20 विश्व कप चार्ल्स का वेस्टइंडीज के लिए पांचवां विश्व कप होगा।

चार्ल्स और मौजूदा प्रमुख कोच डेरेन सैमी 2016 में भारत में वेस्टइंडीज के ख़िताब जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। होल्डर भी दस साल पहले ट्रॉफ़ी जीतने वाली दल में शामिल थे, हालांकि उन्हें किसी मैच के अंतिम एकादश में खेलने का मौक़ा नहीं मिला था।

पूरन और रसेल की गैरमौज़ूदगी के अलावा 2026 संस्करण के लिए वेस्टइंडीज की टीम दो साल पहले वाली टीम जैसी ही दिखती है। एकमात्र चौंकाने वाला चयन सैंपसन का है, जिन्होंने पिछले सप्ताह अफग़ानिस्तान के ख़िलाफ सीरीज में अपना टी20 डेब्यू किया था। उन्होंने तीन पारियों में सिर्फ़ 35 रन बनाए थे, लेकिन 2025 में गयाना एमेज़ॉन वॉरियर्स के लिए खेले गए सफल सीपीएल के दम पर उनका चयन हुआ।

25 वर्षीय सैंपसन ने उसी टूर्नामेंट में अपना टी20 डेब्यू किया था, जिसमें उन्होंने उपविजेता गयाना एमेज़ॉन वॉरियर्स के लिए 151.57 के स्ट्राइक रेट से 241 रन बनाए थे।

अफग़ानिस्तान के ख़िलाफ 2-1 की हार के बाद वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ टी20 सीरीज में उतरेगी। पिछली सीरीज में कप्तान शाई होप, रॉस्टन चेज, अकील हुसैन और शेरफेनरदरफ़ोर्ड जैसे कई नियमित खिलाड़ी एसए20 में व्यस्त होने के कारण शामिल नहीं हुए थे। पार्ल के पहले मैच के बाद सेंचुरियन और जोहानसबर्ग में 29 और 31 जनवरी को बाक़ी दो मुक़ाबले खेले जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित