एंटीगा , सितंबर 20 -- भारत के ख़िलाफ़ शाई होप की अगुवाई वाले वेस्टइंडीज़ के टी 20 दल में कामिल पूरन को पहली बार बुलावा आया है। सीपीएल में सलामी बल्लेबाज़ पूरन ने इस सीज़न प्रभावी प्रदर्शन करते हुए सेंट लूसिया किंग्स के लिए आठ पारियों में 159.64 के स्ट्राइक रेट और 39 की औसत से 273 रन बनाए। क्रिकेट वेस्टइंडीज़ की रिलीज़ में पूरन को दल में शामिल किए जाने का कारण 2028 के टी 20 विश्व कप से पहले उभरती हुई प्रतिभाओं को तलाशने की रणनीति को बताया गया है।
वनडे दल में जॉन कैंपबेल की वापसी हुई है। कैंपबेल हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ सीरीज़ में अंतिम दो वनडे नहीं खेल पाए थे जबकि शिमरॉन हेटमायर को सीपीएल के बाद रिकवरी करने का समय दिया गया है और वह टी20 सीरीज़ के लिए उपलब्ध होंगे।
हेटमायर ने जुलाई में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ घर पर अंतिम दो वनडे खेले थे और पांचवें वनडे में उन्होंने 69 रनों की मैच जिताऊ पारी भी खेली थी। वनडे और टी 20 दोनों ही सीरीज़ में वेस्टइंडीज़ की अगुवाई होप करेंगे।
अगस्त में हुई सर्जरी के बाद अकीम ऑगस्टे अभी भी रिकवर कर रहे हैं इसलिए वह दौरे से बाहर हो गए हैं। ऑगस्टे की जगह दल में मध्य क्रम के बल्लेबाज़ ज्वेल ऐंड्रयू को शामिल किया गया है। इस साल टी 20 विश्व कप दल का हिस्सा रहे क्वेंटिन सैंपसन को भी दल में शामिल किया गया है। वहीं ऑलराउंडर जेसन होल्डर को वनडे और टी 20 दोनों ही दल से आराम दिया गया है।
वेस्टइंडीज़ और भारत के बीच तीन मैचों की ODI सीरीज़ का आग़ाज़ 27 सितंबर को होगा जबकि पांच मैचों की टी 20 सीरीज़ का आग़ाज़ 6 अक्तूबर को होगा और यह सीरीज़ 17 अक्तूबर को समाप्त होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित