बैतूल , सितंबर 10 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के पाथाखेड़ा बस स्टैंड क्षेत्र में गुरुवार को यश ट्रेडर्स की दुकान में आग लगने से पेंट, शीट, पाइप सहित लाखों रुपये का सामान जल गया। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से आसपास की दुकानों तक आग फैलने से बच गई।
जानकारी के अनुसार दुकान में वेल्डिंग का काम चल रहा था, इसी दौरान आग भड़क उठी। दुकान में पेंट सहित अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने से आग तेजी से फैल गई। आग और धुआं देखकर लोगों ने संबंधित विभागों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नगर पालिका तथा मध्यप्रदेश विद्युत मंडल की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान संचालक सुशील कुमार सिंह सिसोदिया ने बताया कि एक दुकान में रखा पूरा सामान जल गया। उन्होंने लाखों रुपये के नुकसान की बात कही है। आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हुई है। प्रारंभिक तौर पर वेल्डिंग के दौरान आग लगने की बात सामने आई है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित