टिहरी , अप्रैल 01 -- उत्तराखंड में जनपद के ढालवाला वार्ड नंबर-11 में पुराने आरटीओ कार्यालय के समीप स्थित एक वर्कशॉप में बुधवार को भीषण आग लग गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से भड़की, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आकर वर्कशॉप में रखा सीट कवर सहित अन्य ज्वलनशील सामान जलकर राख हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय वर्कशॉप में वेल्डिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान निकली चिंगारी पास में रखे सामान पर गिर गई, जिससे आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी वर्कशॉप को अपनी चपेट में ले लिया। वही आग के दौरान वर्कशॉप में रखा एक सिलेंडर भी फट गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज से आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

वही आग की चपेट में पास में खड़ी कुछ गाड़ियां भी आ गईं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहनों को हटाने का प्रयास किया, जिससे बड़े नुकसान को टाला जा सका, हालांकि कुछ वाहनों को आंशिक क्षति पहुंची है।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक वर्कशॉप का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।

पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के सटीक कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित