देवरिया, जुलाई 02 -- वेनेजुएला में मर्चेंट नेवी में कार्यरत उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के भलुअनी क्षेत्र के लंगड़ा बाजार निवासी राकेश चौहान (33) की मौत के बाद शव के कई अंग गायब मिलने सनसनी फ़ैल गई है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।
मृतक राकेश चौहान की पत्नी रंजना चौहान ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और विदेश मंत्रालय को ईमेल भेजकर कर न्याय की गुहार लगाई है। परिवार को आशंका है कि राकेश की हत्या करके अंगों को मानव तस्करी के तहत बेच दिया गया। परिजनों का कहना है कि 7 मई को कंपनी ने परिवार को जहाज पर हादसे में राकेश के घायल होने की सूचना दी थी और बाद में हार्ट अटैक से मौत होने की बताई। चार जून को शव गांव लाया गया। वेनेजुएला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया था। डीएम के आदेश पर शव का यहां तीन डाक्टरों की टीम से दुबारा पोस्टमार्टम कराया गया था और बुधवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शव के की अंग गायब हैं।
शव का दुबारा पोस्टमार्टम कर रहे डाक्टरों की टीम का मानीटर कर रहे डॉक्टर संजय गुप्ता ने आज बताया कि जिलाधिकारी से अनुमति मिलने के बाद तीन डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किया था। जिसमें शव से कई अंग गायब पाये गये। इस सम्बन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस पीड़ित परिवार के साथ पूरी सहानुभूति के साथ खड़ी है और हर संभव मदद की जाएगी।
इस सम्बन्ध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी( सीएमओ) डाक्टर अनिल गुप्ता से जब यूनीवार्ता ने इस सम्बन्ध में बात किया तो उनका कहना था कि ये गोपनीय बातें हैं और यह नहीं बताया जा सकता हैं पोस्टमार्टम कब हुआ था और इसकी रिपोर्ट क्या है। इसको सार्वजनिक नहीं किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित