काराकास , जून 12 -- वेनेजुएला सरकार ने शुक्रवार को कहा कि दक्षिण-पूर्वी वेनेजुएला में एक सुरक्षा अभियान के दौरान हेक्टर रस्टेनफोर्ड गुरेरो फ्लोरेस उर्फ 'नीनो गुरेरो' मारा गया। हेक्टर रस्टेनफोर्ड गुरेरो फ्लोरेस उर्फ 'नीनो गुरेरो' दक्षिण अमेरिका का सबसे खतरनाक और कुख्यात अंतरराष्ट्रीय आपराधिक सिंडिकेट 'ट्रेन डे अरागुआ' का सरगना था। यही कारण था कि उसे पकड़ने या खत्म करने के लिए वेनेजुएला और अमेरिका जैसे दो बड़े देशों को खुफिया जानकारी साझा कर बड़ा संयुक्त अभियान चलाना पड़ा।
यह अभियान बोलिवर राज्य में चलाया गया, जिसे आपराधिक नेटवर्कों से जुड़ी अवैध गतिविधियों का गलियारा माना जाता है।
श्री काराकास ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में सक्रिय संगठित अपराध समूहों को निशाना बनाना था और इसे अमेरिकी अधिकारियों के साथ मिलकर अंजाम दिया गया था।
संचार और सूचना मंत्रालय के बयान के अनुसार, अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और आपराधिक समूहों के सदस्यों के बीच झड़पें हुईं। इसमें 'ट्रेन डे अरागुआ' आपराधिक गिरोह का सरगना गुरेरो फ्लोरेस मारा गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान ने संगठित अपराध समूहों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई को विशिष्ट तकनीक, द्विपक्षीय खुफिया जानकारी साझा करने और दोनों देशों के बीच समन्वय तंत्र का पूरा सहयोग मिला।
पिछले कुछ समय में 'ट्रेन डे अरागुआ' गिरोह के पैर अमेरिका के कई बड़े शहरों जैसे न्यूयॉर्क, मियामी और शिकागो में भी तेजी से फैलने लगे थे। अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए यह गिरोह सिरदर्द बन चुका था। इसकी वजह से अमेरिका ने नीनो गुरेरो की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना पर करीब 41 करोड़ रुपये (50 लाख डॉलर) का इनाम भी घोषित कर रखा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित