रायपुर , अप्रैल 18 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ स्थित वेदांता पावर प्लांट में 14 अप्रैल को हुए भीषण हादसे के बाद वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर भाजपा सांसद एवं उद्योगपति नवीन जिंदल ने सवाल खड़े किए हैं।

हरियाणा के कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से सांसद नवीन जिंदल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर जारी अपने बयान में इस घटना को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने कहा कि इस हादसे में लगभग 20 परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, जो बेहद पीड़ादायक है। जिंदल ने प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा, आजीविका सहायता और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित किए जाने पर जोर दिया।

जिंदल ने कहा कि किसी भी प्रकार की जांच पूरी होने से पहले अनिल अग्रवाल का नाम एफआईआर में शामिल किया जाना गंभीर प्रश्न खड़े करता है। उन्होंने उल्लेख किया कि अग्रवाल एक साधारण और पिछड़े वर्ग के परिवार से उठकर अपने प्रयासों से वैश्विक स्तर का उद्योग खड़ा करने वाले उद्यमी हैं और संबंधित प्लांट के दैनिक संचालन में उनकी कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित