नयी दिल्ली , अगस्त 11 -- वेदांता एल्युमिनियम मेटल लिमिटेड ने मंगलवार को अपने प्रमुख डिजिटल ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म वेदांता मेटल बाजार (वीएमबी) के अंतरराष्ट्रीय बाजार में विस्तार की घोषणा की।
अब यह प्लेटफॉर्म अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों को प्रीमियम एल्युमिनियम उत्पाद सीधे ऑनलाइन ऑर्डर करने और खरीदने की सुविधा देता है। वेदांता एल्युमिनियम ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इससे ग्राहकों के लिए खरीदारी की प्रक्रिया पहले से अधिक आसान, पारदर्शी और सुविधाजनक हो गयी है।
घरेलू बाजार की सफलता के बाद कंपनी ने वेदांता मेटल बाजार को अब एशिया, यूरोप, अफ्रीका और अमेरिका के बाजारों में भी उपलब्ध कराया है। वित्त वर्ष 2025-26 में घरेलू बाजार में इस प्लेटफॉर्म के जरिये करीब 4.1 अरब डॉलर (38,000 करोड़ रुपये से अधिक) के लेनदेन हुए और 23,000 से ज्यादा ऑर्डर पूरे किये गये। बड़ी कंपनियों के अलावा, 550 से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) अपनी एल्युमिनियम जरूरतों के लिए नियमित रूप से वेदांता मेटल बाजार का इस्तेमाल कर रहे हैं।
वेदांता एल्युमिनियम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार ने कहा, "वेदांता मेटल बाजार का वैश्विक स्तर पर विस्तार हमारी उस यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसका उद्देश्य डिजिटल तकनीक के जरिये एल्युमिनियम की खरीद प्रक्रिया को बेहतर और आसान बनाना है। वैश्विक बाजार में कदम रखने वाला अपनी तरह का पहला भारतीय मेटल्स प्लेटफॉर्म होने के नाते यह विस्तार अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों के साथ हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।"वेदांता मेटल बाजार के ग्राहक पैरामाउंट कम्युनिकेशंस के खरीद प्रमुख अरविंद गुप्ता ने कहा, "वेदांता मेटल बाजार ने एल्युमिनियम की खरीद प्रक्रिया को काफी तेज, पारदर्शी और आसान बना दिया है। लाइव कीमतों और ऑनलाइन ऑर्डर देने से लेकर शिपमेंट की ट्रैकिंग और फाइनेंसिंग की सुविधा तक, यह प्लेटफॉर्म खरीदारी की पूरी प्रक्रिया में हमें बेहतर जानकारी और अधिक नियंत्रण देता है।"वेदांता मेटल बाजार एक्सपोर्ट्स पर एक हजार से अधिक एल्युमिनियम उत्पादों के विकल्पों वाला विस्तृत कैटलॉग उपलब्ध है। ग्राहक तुरंत जुड़ने के लिए ऑनलाइन सेल्फ-रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके अलावा, डिजिटल अनुबंध और सहमति पत्र के प्रबंधन की सुविधा के साथ लाइव एलएमई से जुड़ी हेजिंग के जरिए कीमत बुक करने की प्रक्रिया को भी आसान बनाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित