बहराइच , सितंबर 05 -- उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच के दुर्गम एवं वन क्षेत्र में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) सुजौली में तैनात चिकित्सक डॉ. आरपी सिंह ने पिछले 12 माह से वेतन भुगतान नहीं होने का आरोप लगाते हुए शनिवार से अस्पताल परिसर में धरना शुरू कर दिया। चिकित्सक ने इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर के अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर लंबित वेतन भुगतान की मांग की है।डॉ. सिंह की ओर से दिए गए शिकायती पत्र के मुताबिक, वह लंबे समय से पीएचसी सुजौली में अपनी चिकित्सकीय सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन करीब एक वर्ष से उन्हें वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। पत्र में उन्होंने कहा है कि वेतन न मिलने के बावजूद वह अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए मरीजों का उपचार कर रहे हैं।

चिकित्सक के अनुसार, पीएचसी सुजौली जिला मुख्यालय से करीब 120 किलोमीटर दूर दुर्गम क्षेत्र में स्थित है। क्षेत्र के चारों ओर जंगल और नदियां होने के कारण यहां स्वास्थ्य सेवाएं देना चुनौतीपूर्ण है। इसके बावजूद वह अस्पताल में लगातार सेवाएं देने का प्रयास कर रहे हैं।

शिकायती पत्र में डॉ. सिंह ने यह भी उल्लेख किया है कि वेतन भुगतान की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने शनिवार से अस्पताल परिसर में धरना शुरू करने का निर्णय लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित