धार , मार्च 25 -- मध्य प्रदेश के धार जिले के धरमपुरी नगर परिषद परिसर में आज कर्मचारियों ने वेतन नहीं मिलने से नाराज होकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारी एक बुजुर्ग का शव लेकर परिषद कार्यालय पहुंचे और समय पर वेतन भुगतान की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों के अनुसार नगर परिषद के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को कई महीनों से वेतन नहीं मिला है। इसी बात से परेशान एक कर्मचारी के पिता की तबीयत बिगड़ने के बाद उनकी मृत्यु हो गई।
जानकारी के अनुसार मृतक वाहिद हुसैन, नगर परिषद के दैनिक वेतनभोगी सफाईकर्मी आशिक के पिता थे। आशिक ने आरोप लगाया कि उसे कई महीनों से वेतन नहीं मिला, जिससे उसकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई। उसने बताया कि वेतन नहीं मिलने के कारण उसके खिलाफ चेक बाउंस का मामला भी न्यायालय में लंबित है और इसको लेकर वह तनाव में था।
बताया गया है कि बेटे की परेशानी जानने के बाद वाहिद हुसैन तनाव में आ गए और मंगलवार शाम उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया। घटना के बाद आक्रोशित सफाईकर्मियों ने शव को नगर परिषद कार्यालय के बाहर रखकर विरोध प्रदर्शन किया।
सूचना मिलने पर नगर परिषद के सीएमओ बलराम भूरे मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से चर्चा कर उन्हें शांत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि शासन से बजट प्राप्त होते ही बकाया वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित