रायपुर , जून 25 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस समिति की ओर से आयोजित जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर के छठे दिन कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने संगठन को मजबूत बनाने, अनुशासन बनाए रखने और जनसरोकारों के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार वेणुगोपाल ने कहा कि संगठन सृजन की प्रक्रिया के तहत जमीनी स्तर से जुड़े कार्यकर्ताओं को जिला अध्यक्ष बनने का अवसर मिला है और उन्हें इस जिम्मेदारी का उपयोग संगठन को सशक्त बनाने के लिए करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लोकतंत्र की रक्षा तथा छात्रों, किसानों, मजदूरों, अनुसूचित जाति, जनजाति और वंचित वर्गों के मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं। उन्होंने जिला अध्यक्षों से इन मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है।
प्रशिक्षण शिविर को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज तथा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी संबोधित किया। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा भी प्रशिक्षण में शामिल होने रायपुर पहुंची हैं और शुक्रवार को जिला अध्यक्षों को संबोधित करेंगी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव भी आगामी सत्रों में व्याख्यान देंगे। प्रशिक्षण शिविर 29 जून तक चलेगा।
विज्ञप्ति के अनुसार अब तक प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ के राजनीतिक इतिहास, संविधान, समसामयिक राजनीतिक विषयों, राज्य के प्रमुख जनमुद्दों, संगठनात्मक ढांचे तथा आगामी आंदोलनों की रणनीति पर सत्र आयोजित किए जा चुके हैं। प्रशिक्षण के दौरान जिला अध्यक्ष आठ गांवों में रात्रि विश्राम और श्रमदान कार्यक्रम में भी भाग ले चुके हैं।
पार्टी ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर का संचालन एआईसीसी के प्रभारी सचिव राव की देखरेख में किया जा रहा है, जबकि प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू सहित प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित