लुधियाना , सितंबर 26 -- गुरु अंगद देव पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय और कॉग्नीसोल एगटेक प्राइवेट लिमिटेड (अपनी खेती) ने किसानों और पशुपालकों तक वैज्ञानिक जानकारी एवं तकनीक पहुंचाने के लिए डिजिटल विस्तार सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

एमओयू पर विश्वविद्यालय के विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. रविंदर सिंह ग्रेवाल और कॉग्नीसोल एगटेक के पार्टनरशिप एवं अलायंस प्रमुख चमकौर सिंह ने शनिवार को कुलपति डॉ. जे.पी.एस. गिल की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 'अपनी खेती' किसानों को विशेषज्ञ सलाह, विश्वसनीय जानकारी, उत्पादों और बाजार से जोड़ने वाली डिजिटल सेवा उपलब्ध कराता है। इसके मोबाइल एप और सामाजिक माध्यम मंचों के जरिये 16 लाख से अधिक किसान जुड़े हैं। समझौते के तहत पशुधन, मुर्गीपालन और मत्स्य पालन से संबंधित वैज्ञानिक जानकारी और उत्पादन तकनीकों को 'अपनी खेती' के डिजिटल नेटवर्क के माध्यम से किसानों तक पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों और किसानों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान, तकनीकी सलाह, प्रशिक्षण तथा विस्तार सेवाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।

कुलपति डॉ. गिल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल मंच किसानों तक समय पर वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस साझेदारी से किसान-विशेषज्ञ संपर्क मजबूत होगा तथा पशुधन, मुर्गीपालन और मत्स्य पालन के क्षेत्र में संयुक्त अनुसंधान, विस्तार और जनसंपर्क गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित