लुधियाना , अगस्त 29 -- गुरु अंगद देव वेटरनरी एवं एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी, लुधियाना में आयोजित पांच दिवसीय सुअर पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक सुअर पालन से संबंधित सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के निदेशक एवं पशु चिकित्सा एवं पशुपालन विस्तार शिक्षा विभाग के प्रमुख डॉ. जसविंदर सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण में आवास व्यवस्था, प्रजनन, पोषण, स्वास्थ्य प्रबंधन तथा मांस उत्पादन, बिक्री और मूल्यवर्धित मांस उत्पादों के विपणन से संबंधित विषयों पर जानकारी दी गयी। प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को आधुनिक सुअर पालन के लिए आवश्यक वैज्ञानिक ज्ञान और व्यावहारिक कौशल उपलब्ध कराना था।
विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. आर.एस. ग्रेवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय पशुपालकों और इससे जुड़े कारोबारों के आर्थिक विकास, स्थायित्व और कल्याण को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि सुअर पालन तेजी से लोकप्रिय और लाभकारी व्यवसाय के रूप में उभर रहा है तथा विश्वविद्यालय इसे पेशे के रूप में अपनाने के इच्छुक लोगों को व्यापक जानकारी एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने प्रशिक्षण के समापन सत्र की अध्यक्षता करते हुए प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की और सुअर पालन को टिकाऊ आजीविका के एक व्यवहार्य विकल्प के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के सफल समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किये गये।
कार्यक्रम का समन्वय डॉ. प्रतीक सिंह धालीवाल, छात्र समन्वयक डॉ. नवरोज़ कौर और डॉ. संघमित्रा तमुली ने किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित